यू-विन पोर्टल के प्रभावी संचालन को लेकर स्वास्थ्य कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण

गर्भवती महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण की डिजिटल निगरानी पर दिया जोर
सही एवं समयबद्ध आंकड़ा प्रविष्टि से मजबूत होगी टीकाकरण व्यवस्था
राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत यू-विन पोर्टल के प्रभावी संचालन एवं उपयोग को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सीएमएचओ कार्यालय रायगढ़ के आरोग्यम सभा कक्ष में यू-विन रिफ्रेशर टेªनिंग का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कलेक्टर के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन आयोजित हुआ। प्रशिक्षण में मास्टर प्रशिक्षक एवं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बी.पी. पटेल तथा यूएनडीपी-पीक्यू मोहम्मद अजीम ने प्रतिभागियों को यू-विन पोर्टल के विभिन्न मॉड्यूल एवं प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का पंजीयन, लाभार्थियों के टीकाकरण रिकॉर्ड का संधारण, ऑनलाइन टीकाकरण प्रविष्टि, टीकाकरण के लिए निर्धारित लाभार्थियों की सूची तैयार करना, टीकाकरण सत्र से संबंधित प्रविष्टियां तथा लाभार्थियों के टीकाकरण की डिजिटल निगरानी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षकों ने यू-विन पोर्टल पर सही, पूर्ण एवं समयबद्ध आंकड़ा प्रविष्टि सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही पोर्टल के संचालन के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं, आंकड़ों में सुधार तथा अन्य प्रक्रियाओं से संबंधित प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जिले में यू-विन पोर्टल के उपयोग को अधिक प्रभावी बनाकर टीकाकरण सेवाओं की ऑनलाइन निगरानी को मजबूत करना, पात्र लाभार्थियों की समय पर पहचान एवं फॉलोअप सुनिश्चित करना तथा टीकाकरण से संबंधित डिजिटल रिकॉर्ड को व्यवस्थित और सुदृढ़ बनाना है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी संबंधित मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं अधिकारियों को पोर्टल का नियमित एवं सही उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।



